प्रियंका चोपड़ा के प्रोडक्शन हाउस की दूसरी भोजपुरी फिल्म
![]() |
इस दिवाली हो रही है रिलीज |
भोजपुरी फिल्म अब अपना विषय बदल रही है। बॉलीवुड की देसी गर्ल के नाम से
मशहूर प्रियंका चोपड़ा के बैनर की दूसरी भोजपुरी फ़िल्म ‘काशी अमरनाथ’ कुछ ऐसा ही कहती
है। यह फिल्म दिवाली के अवसर पर 18 अक्टूबर को पूरे भारत में एक साथ रिलीज हो रही
है। पटना के होटल मौर्या में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रियंका चोपड़ा की
मां डॉ. मधु चोपड़ा, निर्माता सिद्दार्थ चोपड़ा, डॉ. नेहा शांडिल्य और लेखक निर्देशक संतोष मिश्रा ने संयुक्त रूप से बताया
कि ‘काशी अमरनाथ’ में एंटरटेनमेंट के साथ – साथ स्वच्छ भारत अभियान का संदेश भी होगा।
‘काशी अमरनाथ’ का निर्माण प्रियंका चोपड़ा की फ़िल्म प्रोडक्शन कंपनी पर्पल पेबल
पिक्चर्स तथा रोज क्वार्ट्ज़ एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है। भोजपुरी की आम
परंपरा से हट कर यह फिल्म बनाई गई है, जिसमें भोंडापन नहीं बल्कि सामाजिक जागरुकता
के संदेश दिये गये हैं। इस फिल्म में भोजपुरी के सुपरस्टार रवि किशन, जुबली स्टार दिनेशलाल
यादव ‘निरहुआ’, अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और सपना गिल मुख्य भूमिका में हैं। सपना गिल
‘काशी अमरनाथ’ के जरिए भोजपुरिया
पर्दे पर कदम रख रही हैं।
प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा ने बताया कि पर्पल पेबल पिक्चर्स
लगातार भोजपुरी फिल्मों के साथ साथ अन्य क्षेत्रीय फिल्मों का निर्माण करती
रहेंगी।
वहीं, रवि किशन ने अपनी भूमिका के बारे में बताया कि ‘काशी अमरनाथ’ में वे एक
उद्द्योगपति का किरदार निभा रहे हैं, जिसे अपनी बहन आम्रपाली दुबे से बहुत प्यार है। उन्होंने प्रियंका
चोपड़ा और डॉ मधु चोपड़ा की तारीफ करते हुए कहा कि आमतौर पर भोजपुरी फिल्मों का नाम
आते ही लोगों की प्रतिक्रिया कुछ अच्छी नहीं रहती, लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने जब फ़िल्म प्रोडक्शन कंपनी
की शुरुआत की तो उन्होंने अपनी पहली फ़िल्म भोजपुरी में ही बनाई। इसके लिए वे बधाई
के पात्र हैं। साथ ही यह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी खास बात है।
भोजपुरी के जुबली स्टार कहे जाने वाले दिनेशलाल यादव ‘निरहुआ’ ने बताया कि ‘बम बम बोल रहा है
काशी’ के बाद पर्पल पेबल पिक्चर्स के साथ यह उनकी दूसरी फिल्म है और दोनों
में उनके किरदार का नाम ‘काशी’ है। उन्होंने बताया कि फ़िल्म में गुटखा खाने से अपने दोस्त की मौत
होने के बाद वो कैंसर हॉस्पिटल के निर्माण का संकल्प लेते हैं और गुटखा लॉबी के
खिलाफ जंग छेड़ देते हैं। निर्माता सिद्धार्थ चोपड़ा व डॉक्टर नेहा शांडिल्य ने भी
फिल्म की तारीफ की और बताया कि ‘काशी अमरनाथ’ सामाजिक सरोकार, नशाबंदी और स्वच्छ भारत अभियान के इर्द गिर्द घूमती है।
फ़िल्म के लेखक-निर्देशक संतोष मिश्रा ने बताया कि फ़िल्म का सब्जेक्ट
और सभी किरदारों का अभिनय इस फ़िल्म की यूएसपी है। उल्लेखनीय है कि ‘काशी अमरनाथ’ के संगीतकार मधुकर
आनंद, गीतकार प्यारेलाल कवि, श्याम देहाती और आजाद सिंह हैं। फ़िल्म का संगीत ज़ी म्यूजिक ने रिलीज
किया है जिन्होंने इसी फिल्म से भोजपुरी फ़िल्म जगत में कदम रखा है।
ब्यूरो रिपोर्ट,
पिक्चर प्लस’ (Email: pictureplus2016@gmail.com)
कोई टिप्पणी नहीं:
टिप्पणी पोस्ट करें